उत्तराखंड

बकरीद पर परिवहन निगम का बड़ा तोहफा: मुस्लिम कर्मचारियों को मिलेगा एडवांस वेतन, आदेश जारी

देशभर के साथ-साथ उत्तराखंड में भी ईद-उल-जुहा यानी बकरीद को लेकर तैयारियां पूरे शबाब पर हैं। बाजारों में रौनक है और मुस्लिम समुदाय में त्योहार को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस मुबारक मौके पर उत्तराखंड परिवहन निगम ने अपने मुस्लिम कर्मचारियों को एक बड़ी राहत देते हुए ‘एडवांस सैलरी’ (अग्रिम वेतन) जारी करने का बड़ा ऐलान किया है। निगम के महाप्रबंधक (वित्त) पवन मेहरा ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही उत्तराखंड शासन ने भी त्योहार के मद्देनजर पूर्व घोषित छुट्टी में बदलाव करते हुए अब 28 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।

त्योहार की तैयारियों और खर्चों को देखते हुए परिवहन निगम के मुस्लिम संगठनों ने अग्रिम वेतन भुगतान के लिए प्रबंधन को प्रार्थना पत्र सौंपा था। निगम के वित्त नियंत्रक की मंजूरी के बाद जारी आदेश के तहत भुगतान की रूपरेखा इस प्रकार तय की गई है। सभी परमानेंट मुस्लिम कर्मचारियों को ₹5,000 का अग्रिम भुगतान किया जाएगा। संविदा, विशिष्ट और बाह्य स्रोत के माध्यम से कार्यरत मुस्लिम कार्मिकों को ₹2,500 की एडवांस राशि मिलेगी।कर्मचारियों को दी जाने वाली इस अग्रिम राशि का समायोजन (कटौती) उनके मई 2026 महीने के नियमित वेतन से कर ली जाएगी। परिवहन निगम के महाप्रबंधक (वित्त) ने साफ किया है कि त्योहार के मद्देनजर सभी पात्र कर्मचारियों को समय पर एडवांस राशि मिल जानी चाहिए।

अधिकारियों की जवाबदेही: इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित डिपो और यूनिट के अधिकारियों को सौंपी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने यूनिट स्तर पर मुस्लिम कार्मिकों की नामवार सूची तैयार कर तुरंत मंडलीय कार्यालय और निगम मुख्यालय को उपलब्ध कराएं ताकि प्रक्रिया में कोई देरी न हो। बकरीद को लेकर राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के तमाम मैदानी और पर्वतीय इलाकों के बाजारों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है।

कपड़े, खान-पान और अन्य सामग्रियों की दुकानों पर सुबह से ही चहल-पहल देखी जा रही है। पहले शासन की ओर से 27 मई को छुट्टी घोषित की गई थी, लेकिन चांद के दीदार और त्योहार की सटीक तारीख के मद्देनजर सरकार ने इसे बदलकर 28 मई कर दिया है, जिससे कर्मचारियों को सहूलियत होगी। परिवहन निगम के इस मानवीय फैसले से हजारों कर्मचारी परिवारों के त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button