देहरादून में बदमाशों ने वकील की गोली मारकर की हत्या, गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रख किया प्रदर्शन

कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत शिमला रोड स्थित बुड्ढी गांव में देर रात को एडवोकेट की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच की गई. वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया था. साथ ही पुलिस प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है. वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है.
जानकारी के अनुसार शिमला रोड स्थित बुड्ढी गांव में देर रात एडवोकेट सोहेल अपने घर पर था, दूसरे कमरे में भाई खाना खा रहा था और उनको गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद वह आनन फानन में बाहर आए तो सोहेल लहूलुहान फर्श पर पड़ा था. घटना में सोहेल की मौके पर मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल की टीम ने भी जांच पड़ताल करते हुए मौके पर लोगों से पूछताछ की. वहीं घटना से नाराज लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को शिमला बाईपास रोड पर रख कर जाम लगा दिया. साथ ही पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रही और काफी देर तक समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजा गया है. साथ ही घटना की सूचना पर मौके पर पर एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल भी मौजूद रहे.




