उत्तराखंड

बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार, पूछताछ में जुटी एसआईटी

बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के चर्चित प्रकरण में चमोली पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बड़ी कार्रवाई की है. एसआईटी ने प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम सादी वर्दी में पहुंची थी. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को चमोली लाया गया, जहां आरोपी से मामले के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है.

बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल की परेशानियां बढ़ गई हैं. चमोली पुलिस की विशेष जांच टीम एसआईटी ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. प्रमोद नौटिया की गिरफ्तारी पर लंबे समय से तलवार लटकी हुई थी. बीते दिन गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रमोद नौटियाल उत्तराखंड हाईकोर्ट की शरण में गए और निलंबन आदेश और पुलिस की एफआईआर को हाईकोर्ट में चुनौती दी. हाईकोर्ट ने बीकेटीसी से स्थिति स्पष्ट करने को कहा था और मामले की सुनवाई के लिए 16 जुलाई की तारीख दी थी. लेकिन इससे पहले ही प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं इस मामले में कुछ और लोगों की भी गिरफ्तारी होने का अंदेशा जताया जा रहा है.

चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी प्रमोद नौटियाल को रविवार देर रात उनके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया. इसके पश्चात उन्हें चमोली लाया गया और प्रकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है. बताया कि, जांच टीम दस्तावेजों,अभिलेखों तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. नियमानुसार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा

बता दें कि बता दें कि,प्रमोद नौटियाल ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए नैनीताल उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी. इस याचिका पर बीकेटीसी से कोर्ट ने जबाब मांगा था और 16 जुलाई को न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की अदालत में सुनवाई प्रस्तावित थी.

भैरव सेना के संस्थापक संदीप खत्री ने इस मामले का सबसे पहले खुलासा किया था. संदीप खत्री ने आरोप लगाया था कि उन्हें इस तरह की जानकारी मिली है कि बदरीनाथ मंदिर में भक्तों द्वारा दिए गए दान की चोरी हो रही है. भैरव सेना के संस्थापक के आरोपों के बाद उत्तराखंड में सियासी पारा चढ़ गया. मामले के सामने आने के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने चार सदस्य जांच समिति का गठन किया था. वहीं मामला सुर्खियों में आया तो प्रदेश सरकार ने भी तीन सदस्य उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर दी. वहीं बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के आरोप में बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को निलंबित किया गया. साथ ही उस पर मुकदमा भी दर्ज किया गया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button