उत्तराखंड

पूरे प्रदेश में है सत्ता विरोधी लहर: विजय शर्मा

रामनगर में कांग्रेस नेता का जगह-जगह हो रहा है स्वागत

उत्तराखंड युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव और वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय शर्मा इन दिनों जी जान से रामनगर क्षेत्र में जनता जनार्दन से मिलकर वहां की समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं। यही नहीं शर्मा क्षेत्र के बहुमुखी विकास के लिए खुद को प्रतिबद्ध बता कर लोगों का दिल जीत रहे हैं।

यहां प्रेस को जारी बयान में शर्मा ने कहा है कि चुनाव में जीत बाद की बात है। उनका कहना है कि हम चाहते हैं रामनगर में जनता जनार्दन की बुनियादी सुविधा बहाल हो। मसलन शिक्षा, स्वास्थ्य की उत्तम व्यवस्था हो। रोजगार के अवसर सुलभ हों। सबसे खास बात यह है कि उत्तराखंड में युवाओं का पलायन भाजपा सरकार नहीं रोक पाई है। आज भ्रष्टाचार चरम पर है। अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं। सरकारी अमलों में कोई भी काम बिना रिश्वत दिए नहीं हो रहा है। सरकार बड़े-बड़े विज्ञापनों में अपनी पीठ खुद थपथपा रही है। गढ़वाल मंडल और कुमाऊं मंडल, दोनों क्षेत्रों में आज भी जनता दुर्गम रास्तों पर चलने के लिए विवश है। वन्यजीवों का मानवों पर हमला हो रहा है। खनन माफिया सरकार से मिलीभगत कर चांदी काट रहे हैं। सरकारी चिकित्सालय में डॉक्टर नहीं हैं। स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। यहां तक कि ट्रांसफर में भी पैसे लिए जाते हैं।

जनता जनार्दन के बीच संपर्क करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि अगर क्षेत्र की जनता उन्हें मौका देगी तो हर संभव लोगों के लिए उपलब्ध रहेंगे। रामनगर का पूरी तरह विकास कराया जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि कुंभ पर्व के नाम पर सरकारी धन की बंदरबांट हो रही है। विकास के कार्यों की केवल कागजों पर समीक्षा हो रही है जबकि धरातल पर काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां पर्यटन तथा तीर्थाटन के अलावा और भी तमाम सारी संभावनाएं हैं, जिससे राज्य का बहुमुखी विकास हो सकता है। लेकिन भाजपा सरकार और उसके मंत्री केवल अपनी झोलियां भर रहे हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत नाजुक है।

पिछले कुछ सालों में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ गई हैं। उत्तराखंड की जनता अंकिता भंडारी हत्याकांड को कभी नहीं भूलने वाली। आगामी सन 27 के चुनाव में भाजपा को पता चलेगा कि उसकी अराजकता और तानाशाही का अंत कैसे किया जाएगा। विजय शर्मा ने कहा कि आज चारों ओर सत्ता विरोधी लहर है। उत्तराखंड में पेपर लीक की घटनाओं ने, परीक्षाओं में धांधली ने हमारे नौजवानों का दिल तोड़ दिया है। वहा हताशा के दौर से गुजर रहे हैं। लेकिन सरकार कानों में तेल डाल कर बैठी है। बता दें कि विजय शर्मा कांग्रेस के समर्पित नेता हैं और उन्होंने रामनगर विधानसभा सीट से चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। जानकारों का कहना है कि शर्मा कांग्रेस के टिकट पर इसी सीट पर लड़ सकते हैं।

उनकी लोकप्रियता का ग्राफ हर रोज बढ़ रहा है। वह प्रतिदिन दर्जनों गांव का दौरा कर रहे हैं। जगह-जगह उनका फूल मालाओं से स्वागत हो रहा है। उनकी सरलता ही उनका गहना है। शर्मा की सक्रियता से भारतीय जनता पार्टी के पेट में दर्द होने लगा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button